Budhi Diwali 2026: क्या है बूढ़ी दिवाली? कब, कहां और क्यों मनाया जाता है यह अनोखा लोकपर्व, जानिए इसकी परंपराएं और धार्मिक महत्व

budhi diwali 2026

HIGHLIGHTS

  • बूढ़ी दिवाली कार्तिक शुक्ल एकादशी के अवसर पर मनाई जाती है।
  • कुमाऊं में भुईयां को दरिद्रता और नकारात्मकता का प्रतीक माना जाता है।
  • सूप पर गेरू और विस्वार से विशेष धार्मिक चित्र बनाए जाते हैं।
  • गढ़वाल में इस दिन इगास बग्वाल की परंपरा है।
  • भैलो, गोवंश पूजा और लोकनृत्य इगास बग्वाल के प्रमुख आकर्षण हैं।

Budhi Diwali 2026 : संपूर्ण भारतवर्ष में खुशियों का पर्व दीपावली भले ही कार्तिक अमावस्या को मनाया जाता है, लेकिन देश के पर्वतीय राज्य उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल अंचल में दीपावली की खुशियां मानने का सिलसिला इसके कई दिनों बाद तक जारी रहता है। यहां दिवाली से जुड़ी कुछ ऐसी लोक परंपराएं भी हैं, जो यहाँ की प्राचीन पहाड़ी संस्कृति, धार्मिक आस्था और ग्रामीण पर्वतीय जीवन की अनूठी झलक पेश करती हैं। इन्हीं परंपराओं में एक है-बूढ़ी दिवाली (Budhi Diwali), जिसे कुमाऊं के कई क्षेत्रों में विशेष उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है।

बूढ़ी दिवाली कार्तिक अमावश्या के 11 दिन बाद मनाया जाता है। यह पर्व सिर्फ दीप प्रज्जवलित करने पर्व नहीं है, बल्कि इसके पीछे माता लक्ष्मी और नारायण (भगवान विष्णु जी) के स्वागत, दरिद्रता और नकारात्मकता को घर से दूर करने एवं सुख, शांति, समृद्धि की कामना करने की लोकमान्यता जुड़ी हुई है। इस दिन घरों के पटांगण (आंगन) में ऐपण बनाए जाते हैं, सूप की लाल मिट्टी से पुताई कर विशेष सजावट होती है और गन्ने से प्रतीकात्मक रूप से भुईयां (दरिद्रता का प्रतीक) को घर से बाहर भगाने की एक अनोखी परंपरा निभाई जाती है।

वहीं, उत्तराखंड के गढ़वाल अंचल में इसी दिन मनाया जाने वाला इगास बग्वाल भी गढ़वाली लोक परंपरा का एक बेहद ख़ास और लोकप्रिय पर्व है। जिसमें पारंपरिक पकवानों की खुसबू, अपने पशुधन (गाय-बैल) की विशेष पूजा और ढोल-दमौं की थाप के साथ भैलो खेलने, मंडाण लगाने जैसे विशिष्ट परम्पराएं निभाई जाती हैं।

आइए विस्तार से जानते हैं बूढ़ी दिवाली 2026 कब मनाई जाएगी, उत्तराखण्ड में इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व क्या है, भुईयां कौन है और इस पर्व को मनाने की परंपरा कैसे शुरू हुई।

बूढ़ी दिवाली 2026 की तिथि

बूढ़ी दिवाली, दीपावली के 11 दिन बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के दिन यानी शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को पड़ रही है। इसी अवसर पर उत्तराखंड के कुमाऊँ और गढ़वाल में बूढ़ी दिवाली और इगास बग्वाल पर्व मनाये जायेंगे।

बूढ़ी दिवाली क्या है? (What is Budhi Diwali?)

बूढ़ी दिवाली को कुमाऊं के कई गांवों में दीपावली के बाद मनाए जाने वाले एक विशेष लोकपर्व के रूप में पुराकाल से ही जाना जाता है। इस लोकपर्व को मनाने का मुख्य उद्देश्य घर-परिवार से दरिद्रता, दुःख , रोग-शोक और नकारात्मकता को दूर कर सुख-समृद्धि एवं सम्पन्नता को आमंत्रित करना है।

हिंदू सनातन धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक माह के शुक्ल एकादशी को हरिबोधिनी एकादशी अथवा देवउठनी एकादशी कहा जाता है। कहते हैं कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इस दिन से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। देवउठनी एकादशी तिथि पर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की जाती है। कई जगहों पर धार्मिक गतिविधियों में रूचि रखने वाले लोग तुलसी विवाह का आयोजन भी करवाते हैं। इस दिन घरों में दीपजलाए जाते हैं और भगवान विष्णु व माता लक्ष्मी का स्वागत किया जाता है।

कुमाऊं में इसी तिथि पर बूढ़ी दिवाली मनाने की परंपरा है। इस पर्व में पहाड़वासी जहां एक ओर माता लक्ष्मी-विष्णु जी की पूजा-अर्चना करते हैं, वहीं दूसरी ओर दरिद्रता, रोग – शोक और बुराइयों के प्रतीक भुईयां को घर से बाहर निकालने की लोकपरंपरा भी जुड़ी हुई है।

बूढ़ी दिवाली क्यों मनाई जाती है? क्या है भुईयां की परंपरा?

कुमाऊं में बूढ़ी दिवाली की सबसे अनूठी परंपरा है भुईयां को घर से बाहर निकलना। स्थानीय लोकमान्यता में भुईयां को दरिद्रता, दुःख, रोग-शोक और नकारात्मक शक्तियों का प्रतीक माना जाता है।

भुईयां को एक ऐसे काल्पनिक राक्षसी रूप में चित्रित किया जाता है, जो मानवता के गुणों के विपरीत है। इस परंपरा के माध्यम से घर-परिवार से बुराइयों और दरिद्रता को दूर करने तथा लक्ष्मी-नारायण के घर में पधारने की कामना की जाती है।

इस दिन घरों की विशेष साफ-सफाई की जाती है। आंगन को लाल मिट्टी अथवा गेरू से लीपा जाता है और पारंपरिक ऐपण से सजाया जाता है। घर की महिलाएं इस पर्व की तैयारियों से लेकर अपनाई जाने वाली परम्परा में विशेष भूमिका निभाती हैं।

सूप को चित्रित करने की अनूठी परंपरा

बूढ़ी दिवाली के अवसर पर रिंगाल से बने सूप का विशेष महत्व होता है। सूप को गेरू या लाल मिट्टी से पुताई कर उसके अगले हिस्से में विस्वार (भीगे चांवल के घोल ) से लछमी -नारायण (लक्ष्मी एवं विष्णु) के चित्र बनाए जाते हैं। कई लोग तुलसी के पौधे और धार्मिक प्रतीकों को भी चित्रित करते हैं। सूप के पृष्ठ भाग में भुईयां को चित्रित किया जाता है। इसके साथ ही घर के आंगन में लक्ष्मी-नारायण के पद-चिह्न बनाए जाते हैं।

बूढी दिवाली के दिन बनाए जाने वाले पद चिह्नों की एक विशेषता यह भी है कि घरों में लक्ष्मी-नारायण के पग दोहरे बनाए जाते हैं यानी लक्ष्मी जी के पद चिन्हों के साथ – साथ विष्णु जी के भी पद चिन्ह बनाये जाते हैं। इनका संबंध भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी दोनों के स्वागत की लोकभावना से जोड़ा जाता है।

घर के पास बने ओखली में भी भुईयां का चित्र बनाया जाता है। इसके आसपास गाय के खुरों के निशान भी बनाए जाते हैं। यह चित्रण पहाड़ी लोगों के कृषि एवं पशुपालन आधारित जीवन की झलक प्रस्तुत करता है। लक्ष्मी-नारायण जी के चित्र के समीप दीपक जलाया जाता है। इस तरह पूरा घर पारंपरिक ऐपण, धार्मिक प्रतीकों और दीपों से सुसज्जित दिखाई देता है।

ब्रह्ममुहूर्त में गन्ने से भुईयां को भगाने की परंपरा

बूढ़ी दिवाली की सबसे रोचक और विशिष्ट परंपरा सुबह-सुबह भुईयां को घर से बाहर निकालने की है। इसके लिए एक दिन पहले ही विशेष सूप तैयार कर लिया जाता है। पूजा के बाद सूप में खील, दाड़िम (अनार) और अखरोट रखे जाते हैं। बूढ़ी दिवाली के दिन महिलाएं ब्रह्ममुहूर्त में उठती हैं। इसके बाद हाथ में गन्ना लेकर सूप को पीटते हुए घर के कोने-कोने से भुईयां को भगाने की रस्म निभाते हैं। इस दौरान महिलाएं पारंपरिक लोकपंक्तियां दोहराती हैं—

“आओ लक्ष्मी बैठो नरैणा।
भाज भुईयां भाज -भाज ।।”

इन पंक्तियों के माध्यम से माता लक्ष्मी और भगवान नारायण को घर में विराजने का आमंत्रण दिया जाता है, वहीं भुईयां यानी दरिद्रता को घर से बाहर जाने के लिए कहा जाता है। इसके बाद महिलाएं आंगन के पास बने भुईयां के चित्र के ऊपर खील बिखेरती हैं तथा दाड़िम और अखरोट को तोड़ती हैं। इसके बाद सूप को लेकर घर के बाहर की ओर जाती हैं।

इस पूरी परंपरा के पीछे यह लोकमान्यता है कि जिस तरह भुईयां को प्रतीकात्मक रूप से घर से बाहर निकाला जाता है, उसी तरह परिवार के सभी दुख-दर्द, दरिद्रता और नकारात्मकता भी दूर हो जाएं तथा घर में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो।

बूढ़ी दिवाली पर तुलसी पूजा और पारंपरिक पकवान

बूढ़ी दिवाली पर कुमाऊँ में तुलसी के पौधे का विशेष महत्व है। लोग अपने घरों में लगाई तुलसी का श्रृंगार करते हैं और भगवान विष्णु के साथ माता तुलसी की पूजा भी करते हैं ।

कुमाऊं के ग्रामीण अंचल में इस अवसर पर पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। घरों में हलवा, पूड़ियाँ, खीर, पुए, पकौड़े और अन्य स्थानीय व्यंजन तैयार करते हैं। कुछ क्षेत्रों में पंच कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा भी प्रचलित है। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य मिलकर पकवानों का आनंद लेते हैं। शाम होते ही घरों की देहरी, आंगन और तुलसी चौरे पर दीप जलाए जाते हैं। इस प्रकार बूढ़ी दिवाली का पर्व धार्मिक आस्था, पारिवारिक सहभागिता और लोक संस्कृति का अनुपम उदाहरण है।

गढ़वाल में इगास बग्वाल के रूप में मनाई जाती है बूढ़ी दिवाली

उत्तराखंड के मानसखंड (कुमाऊँ ) की तरह केदारखंड (गढ़वाल) में भी दीपावली के 11 दिन बाद एक विशेष और लोकप्रिय लोकपर्व मनाया जाता है, जिसे इगास बग्वाल (Igas Bagwal) कहा जाता है।

गढ़वाली भाषा में एकादशी को इगास कहा जाता है और बग्वाल का अर्थ युद्ध अथवा युद्धाभ्यास से है। इस तरह इगास बग्वाल का अर्थ एकादशी के दिन होने वाले युद्धाभ्यास से है। जिसमें लोग भैलो खेलने, वर्त खींचने जैसी परम्पराएं निभाते हैं।

इगास बग्वाल मनाने के पीछे कई लोक मान्यताएं प्रचलित हैं। एक मान्यता के अनुसार जब मर्यादापुरुषोत्तम भगवान राम रावण का वध कर लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे, तब पूरे भारत देश में दीपावली मनाई गई थी। लेकिन पहाड़ों के दुर्गम क्षेत्रों तक उनके अयोध्या लौट आने का समाचार पहुंचने में 11 दिन लग गए। जब पहाड़ के लोगों को यह शुभ समाचार मिला तो उन्होंने अपनी खुशी में दीप जलाकर उत्सव मनाया। तभी से इगास बग्वाल मनाने की परंपरा शुरू हुई।

एक अन्य लोक मान्यता गढ़वाल के वीर सेनापति माधो सिंह भंडारी से जुडी हुई है। कहा जाता है कि वे अपने सैनिकों के साथ अपने पड़ोसी देश तिब्बत के लुटेरों से युद्ध करने गए थे और दीपावली के समय अपने गांव नहीं लौट पाए थे। सैनिकों समेत उनके मारे की आशंका को देखते हुए गढ़वाल के ग्रामीणों के दीपावली नहीं मनाई। वहीं वीर भड़ माधो सिंह भंडारी दीपावली के 11 दिन बाद तिब्बत फतह कर अपने सैनिकों से साथ गढ़वाल लौट आये थे। विजय के साथ उनके सकुशल लौट आने पर उनके स्वागत और विजय की खुशी में गांव वालों ने उसी दिन दीपावली मनाई। इसी से इगास बग्वाल की परंपरा जुड़ी मानी जाती है। हालांकि ये दोनों कथाएं लोकमान्यताओं और जनश्रुतियों पर आधारित हैं।

इगास बग्वाल की प्रमुख परंपराएं

इगास बग्वाल के अवसर पर गढ़वाल के विभिन्न गांवों में कई अनूठी परंपराएं देखने को मिलती हैं। जो इस प्रकार हैं –

गोवंश की पूजा

इगास बग्वाल की शुरआत प्रातः गौ वंश से होती है। इस दिन लोग अपने पशुधन (गाय और बैलों) को स्नान करवाते हैं, उनके चरण धोते हैं। फिर उनके सींगों पर तेल लगाया जाता है और उन्हें फूल-मालाओं चढ़ाई जाती हैं। उन्हें जौ के पिंड खिलाकर उनका आभार व्यक्त किया जाता है। पहाड़ी जीवन में पशुधन के महत्व को देखते हुए गोवंश के प्रति आभार व्यक्त करने की यह परंपरा इस इगास पर्व को विशिष्ट बनाती है।

भैलो खेलने की परंपरा

इगास बग्वाल का सबसे बड़ा आकर्षण भैलो है। इसमें चीड़, देवदार के छिलकों को रस्सी से बांधकर गठ्ठर बनाया जाता है। शाम को इसमें आग लगाकर लोग रस्सी के सहारे इसे गोल-गोल घुमाते हैं। जिसे भैलो खेलना कहा जाता है। गांव के लोगों के साथ अंधेरे में आग की लपटों से से दिखने वाला दृश्य बेहद आकर्षक दिखाई देता है।

लोकगीत और लोकनृत्य

इगास बग्वाल के अवसर पर औजी लोग ढोल-दमाऊ की थाप से पूरे क्षेत्र को आनंदित कर देते हैं। सभी लोग सामूहिक रूप से थड़िया, चौफुला और झुमैलो जैसे पारंपरिक लोकनृत्य करते हैं। भैलो से जुड़े लोकगीत भी गाए जाते हैं।

पारंपरिक पकवान

इगास खुशियां मानने का अवसर है। इस दिन घरों में अरसा, स्वाली, पूरी, झंगोरे की खीर और अन्य पहाड़ी पकवान तैयार किए जाते हैं। परिवार और गांव के लोग मिलकर इन पकवानों का स्वाद लेते हैं।

इगास बग्वाल की परंपराओं और इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए हमारा यह लेख भी देखें: इगास बग्वाल: उत्तराखंड की ‘बूढ़ी दिवाली’ क्यों और कैसे मनाते हैं?

बूढ़ी दिवाली और इगास बग्वाल में क्या अंतर है?

उत्तराखंड में मनाये जाने वाले इन दोनों पर्वों का संबंध दीपावली के बाद आने वाली कार्तिक शुक्ल एकादशी और देवउठनी एकादशी से है। हालांकि इनके नाम, स्थानीय परंपराओं और मनाने के तरीकों में अंतर है।

कुमाऊं में बूढ़ी दिवाली के अवसर पर भुईयां को घर से बाहर निकालने, सूप चित्रित करने , शाम दिये जलाने और ऐपण बनाने की परंपरा विशेष रूप से प्रचलित है। वहीं गढ़वाल में इगास बग्वाल पर गोवंश की पूजा, भैलो खेलने, वर्त खींचने और सामूहिक मंडाण लगाने, लोकनृत्य थडिया, चौफुला का विशेष महत्व है।

इन पर्वों को उत्तराखंड के अलग-अलग गांवों में लोग अपने अलग – अलग तरीकों से मनाते हैं। स्थानीय रीति-रिवाजों और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार इनमें बदलाव भी देखने को मिलता है।

आधुनिक समय में विलुप्त होती बूढ़ी दिवाली की परंपराएं

बदलते दौर में पहाड़ों की जीवनशैली में काफी बदलाव आये हैं । पहले जहां गांवों में बूढ़ी दिवाली मानने के लिए तैयारियां कई दिन पहले से प्रारम्भ हो जाती थीं, वहीं अब कई स्थानों पर यह परंपरा धीरे-धीरे सिमटती जा रही है या कहीं तो लोग मनाना भी भूल चुके हैं ।

पारंपरिक रिंगाल के सूप, लाल मिट्टी से पुताई , विस्वार से ऐपण बनाने और ब्रह्ममुहूर्त में गन्ने से भुईयां को भगाने जैसी परंपराएं अब गिने चुने परिवार ही निभा रहे हैं। जिसका प्रमुख कारण पहाड़ के गांवों से पलायन और बदलती जीवनशैली भी है। हमारी नई पीढ़ी के कई लोग इन लोक परंपराओं से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। हालांकि कुमाऊं के बहुत से ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी बुजुर्ग महिलाएं इस परंपरा को जीवित रखे हुए हैं।

वहीं इगास बग्वाल के प्रति पिछले कुछ वर्षों में लोगों का उत्साह बढ़ा है। गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी ने इस बग्वाल को पुनर्जीवित करने के लिए सराहनीय प्रयास किये हैं। जिससे युवाओं में इस पर्व को मनाने की उत्सुकता बड़ी है। प्रवासी उत्तराखंडी भी अपने गांवों और शहरों में इस पर्व को मनाने लगे हैं। सांस्कृतिक आयोजनों और सोशल मीडिया के माध्यम से भी igas Bagwal की परंपराओं को नई पहचान मिल रही है।

जरूरत है कि कुमाऊं की बूढ़ी दिवाली जैसी विशिष्ट लोक परंपराओं का भी संरक्षण कर हमारी नई पीढ़ी को इनके धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराया जाए।

निष्कर्ष

बूढ़ी दिवाली और इगास बग्वाल उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति के ऐसे पर्व हैं, जो इस पर्वतीय प्रदेश को एक अलग विशिष्ट पहचान देते हैं। जहां बूढ़ी दिवाली में लछमी-नरैण पूजन, तुलसी पूजन, ऐपण डालने , भुईयां को भगाने की अनूठी परंपरा हैं, वहीं इगास बग्वाल में भैलो, लोकगीत, लोकनृत्य और पशुधन के प्रति आभार प्रकट करने की परम्परा है।

इन दोनों लोक पर्वों का वास्तविक महत्व केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है बल्कि ये हमें अपनी जड़ों, सामूहिक जीवन, पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत से जोड़े रखे हुए हैं।

आज जरुरत है कि हम लोग इन लोकपर्वों को केवल एक दिन के उत्सव के रूप में न देखें, बल्कि इनके पीछे छिपी लोकमान्यताओं, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को भी समझें। तभी आने वाली पीढ़ियों तक उत्तराखंड की यह अनमोल विरासत सुरक्षित रह सकेगी।

आइए, इस बूढ़ी दिवाली और इगास बग्वाल के अवसर पर अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संकल्प लें। शुभ बूढ़ी दिवाली, शुभ बग्वाल। जय उत्तराखंड! जय पहाड़ !

Vinod Singh Gariya

विनोद सिंह गढ़िया इस वेब पोर्टल के फाउंडर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। करीब 15 वर्षों से विभिन्न वेब पोर्टलों के माध्यम से वे आपको उत्तराखंड के देव-देवालयों, संस्कृति-सभ्यता, कला, संगीत, विभिन्न पर्यटक स्थल, ज्वलन्त मुद्दों, प्रमुख समाचार आदि से रूबरू कराते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment