160 साल पुरानी बाल मिठाई: आज भी बरकरार है वही स्वाद

अल्मोड़ा शहर में प्रवेश करते ही एक खास खुशबू आपको अपनी ओर खींच लेती है-यह है प्रसिद्ध बाल मिठाई की महक। 160 साल पुरानी यह मिठाई आज भी अपने पारंपरिक स्वाद और शुद्धता के लिए जानी जाती है। पहाड़ी खोए से बनी और ऊपर से सफेद चीनी के छोटे-छोटे बॉल्स से सजी यह मिठाई सिर्फ स्वाद ही नहीं, अपितु उत्तराखण्ड की संस्कृति और यादों का भी हिस्सा है। आखिर क्यों इसे उत्तराखंड की ‘चॉकलेट’ कहा जाता है और क्या है इसके पीछे का राज? जानिए इस खास मिठाई की पूरी कहानी।

bal mithai almora

HIGHLIGHTS

  • अल्मोड़ा की बाल मिठाई 160 साल पुरानी पारंपरिक मिठाई है।
  • इसे उत्तराखंड की ‘चॉकलेट’ कहा भी जाता है, जो खोए से बनती है।
  • यह मिठाई बिना प्रिजर्वेटिव के एक हफ्ते तक सुरक्षित रह सकती है।
  • बाल मिठाई का कुरकुरापन और संतुलित मिठास इसे खास बनाते हैं।
  • यह मिठाई कुमाऊं की संस्कृति, परंपरा और पहचान का प्रतीक भी है।

उत्तराखंड की सांस्कृतिक नगरी यानी अल्मोड़ा का नाम लेते ही अगर किसी चीज का नाम जुबां पर आता है, तो वह है- बाल मिठाई। यह सिर्फ एक मिठाई नहीं, बल्कि पहाड़ों की सौगात है, यहाँ की संस्कृति और समृद्ध परंपरा का अनोखा स्वाद है। पहाड़ों की शुद्ध हवा, शुद्ध दूध और पारंपरिक विधि से तैयार बाल मिठाई की मिठास को लोग वर्षों तक नहीं भूल पाते हैं, जिसने कभी इसे चखा हो।

अल्मोड़ा की बाल मिठाई को ‘उत्तराखंड की चॉकलेट’ भी कहा जाता है, जो वर्षों से लोगों के बीच अपनी खास पहचान बनाए हुए है। चाहे पहाड़ के लोग हों, पर्यटक हों या फिर पहाड़ से दूर बसे यहाँ के प्रवासी लोग, हर कोई इस मिठाई से एक भावनात्मक जुड़ाव महसूस करता है। यह मिठाई सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि पर्वतीय अंचल की सौगात है, जिसे हर पहाड़ी गर्व से अपने प्रिय जनों को भेंट स्वरूप भी देते हैं।

क्यों खास है बाल मिठाई?

Bal Mithai की सबसे बड़ी खासियत इसकी शुद्धता और बनाने का तरीका है। वर्तमान में जब मिठाइयों में तरह-तरह के केमिकल्स और प्रिजर्वेटिव्स मिलाये जाने लगे हैं, वहीं बाल मिठाई अभी भी पारंपरिक विधि से बनाई जाती है। इस मिठाई को तैयार करने में किसी भी प्रकार का केमिकल या प्रिजर्वेटिव्स नहीं मिलाया जाता है। इसके बावजूद यह एक सप्ताह बाद भी खराब नहीं होती। इसका एक मुख्य कारण है पहाड़ों का ठंडा मौसम, जो प्राकृतिक रूप से इसे सुरक्षित बनाए रखता है।

बाल मिठाई कैसे बनती है

बाल मिठाई बनाने की प्रक्रिया जितनी सरल प्रतीत होती है, उतनी ही मेहनत और समय भी लेती है। सबसे पहले दूध को लोहे की कढ़ाई में खूब पकाकर खोया यानी मावा तैयार किया जाता है। इस खोए को फिर लोहे की कढ़ाई में ही धीमी आंच पर लंबे समय तक भुना जाता है। भुने जाने पर धीरे-धीरे इसका रंग चॉकलेट की तरह भूरा और दानेदार होते जाता है। यही वह चरण है, जहां मिठाई का असली स्वाद और खुशबू विकसित होती है। इसके पश्चात इसमें चीनी मिलाई जाती है और कुछ समय घोटने के बाद यह मिठाई गहरे भूरे रंग की हो जाती है, जो इसका अंतिम रूप है। अब इसे चौड़े ट्रे में खाली कर फैला दिया जाता है। 4-5 घंटे ठंडा होने के बाद इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा जाता है, जो चॉकलेट की तरह दिखते हैं। अंत में इन टुकड़ों के ऊपर शुगर बॉल्स लगाए जाते हैं, और मिठाई खाने योग्य हो जाती है। इन्हीं छोटी-छोटी बॉल ने इसे बाल मिठाई नाम दिया।

बाल मिठाई का इतिहास

बाल मिठाई का इतिहास करीब 160 वर्ष पुराना है। इसके जनक जोगा लाल साह हलवाई माने जाते हैं, जिन्होंने सन 1865 में लाला बाजार स्थित अपनी एक छोटी से दूकान में इस मिठाई को बनाना प्रारंभ किया था । वे इस मिठाई को बनाने के लिए अल्मोड़ा के ही फलसीमा गांव से ताजा और गाढ़ा मलाईदार दूध मंगवाते थे। कहते हैं इस गांव के पशुओं को बाँज की पत्तियां पर्याप्त मात्रा में खिलाई जाती थी, जिससे पशुओं से पौष्टिक गाढ़ा मलाईदार दूध प्राप्त होता था। इस दूध से जोगा लाल साह ने खोया बनाया, फिर खोये को भूनकर भूरे रंग की चॉकलेट तैयार की और चाशनी में भिगोकर इस पर खसखस के दाने चिपकाये।

ख़ास बात यह थी कि मिठाई को 15-20 दिन तक रखने पर भी स्वाद ज्यूं का त्यूं रहता था यानि मिठाई ख़राब नहीं होती थी। उस समय भारत में ब्रिटिश शासन था और अल्मोड़ा में बड़ी संख्या में उनके सैनिक तैनात रहते थे। कहा जाता है कि जोग लाल साह ने यह मिठाई खासतौर पर सैनिकों के लिए तैयार की थी। और उन्हें जिसे अंग्रेज अधिकारियों द्वारा इंग्लैंड तक ले जाय जाता था।
पहाड़ों में उपलब्ध शुद्ध दूध से बना खोया लंबे समय तक टिकाऊ रहता था, जिससे यह सैनिकों के लिए बेहद ख़ास बन गया। धीरे-धीरे इसका स्वाद लोगों को इतना पसंद आने लगा कि यह आम जनता के बीच भी लोकप्रिय हो गई।
आज भी जोग लाल साह की विरासत अल्मोड़ा में जीवित है, और उनकी शुरू की गई मिठाई की परंपरा पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ रही है।

स्वाद से ज्यादा भावनाओं से जुड़ी मिठाई

बाल मिठाई में सिर्फ स्वाद ही नहीं है, बल्कि यह भावनाओं से भी जुडी हुई है। पहाड़ों में जब भी कोई व्यक्ति दूर परदेश से घर आ रहा होता है वह अवश्य ही अल्मोड़ा ही बाल मिठाई अपने परिजनों के लिए ले जाता है। वहीं भिटौली हो या अन्य कोई मिलन , लोग अवश्य की इस मिठाई को ले जाते हैं। जो लोग रोजगार या पढ़ाई के लिए पहाड़ से दूर चले जाते हैं, उनके लिए बाल मिठाई उनके घर की यादों का प्रतीक बन जाती है। जब भी कोई अल्मोड़ा से लौटता है, तो अपने साथ बाल मिठाई का एक डिब्बा अवश्य लेकर जाता है।

अल्मोड़ा की पहचान -बाल मिठाई

अल्मोड़ा अपनी खूबसूरत शांत और सुरम्य वादियों के लिए जाना जाता है, लेकिन बाल मिठाई ने इसे एक ख़ास पहचान दी है। वर्तमान में बाल मिठाई अल्मोड़ा की ब्रांड बन चुकी है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे चखने के लिए उत्साहित दिखते हैं। कई लोगों को तो कहते हुए सुना है वे सिर्फ इस मिठाई को खरीदने के लिए अल्मोड़ा आये हैं।
यह मिठाई उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा बन चुकी है और कुमाऊं की पहचान को मजबूत कर रही है।

आधुनिक दौर में बाल मिठाई

आज बाजार में तरह -तरह की मिठाईयों की भरमार है। लेकिन अल्मोड़ा की बाल मिठाई आज भी शीर्ष पर है। इसका सबसे बड़ा कारण है इसका वही पुराना स्वाद और शुद्धता। यहां के हलवाई आज भी उसी पुराने तरीके से इसे बनाते हैं, जिससे इसका असली स्वाद बरकरार रहता है। हालांकि समय के साथ पैकेजिंग और प्रस्तुति में कुछ बदलाव जरूर आये हैं, लेकिन इसके मूल स्वरूप में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इस समय अल्मोड़ा में बाल मिठाई की सैकड़ों दुकानें हैं। जिसकी शुरुआत अल्मोड़ा शहर के गेटवे लोधिया से होती है। यहाँ वर्तमान में 100 से अधिक व्यापारी मिठाई के कारोबार से जुड़े हुए हैं। जहाँ महीने में करोड़ों का कारोबार सिर्फ बाल मिठाई से होता है।

निष्कर्ष

अल्मोड़ा की बाल मिठाई सिर्फ एक मिठाई नहीं है, बल्कि यह पहाड़ की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं का प्रतीक भी है। जो हमें सादगी में भी असली मिठास देती है। समय बदलता रहा, स्वाद बदलते रहे, लेकिन बाल मिठाई की मिठास आज भी वैसी की वैसी है। यह न सिर्फ अल्मोड़ा की पहचान है, बल्कि इसे उत्तराखंड की राजकीय मिठाई का भी दर्जा प्राप्त है।


बाल मिठाई से जुड़े FAQs

बाल मिठाई क्या है?

बाल मिठाई उत्तराखंड की एक लोकप्रिय मिठाई है। जो मुख्यतः अल्मोड़ा शहर में मिलती है। खोये को भूनकर बनाई गई यह मिठाई चॉकलेट की तरह भूरे रंग की होती है , जिस पर सफेद शुगर बॉल्स चिपकाये जाते हैं।

बाल मिठाई कितने रुपए किलो है?

वर्तमान में बाल मिठाई की कीमत 400 रूपये से लेकर 600 रूपये प्रति किलोग्राम तक है।

अल्मोड़ा की फेमस मिठाई कौन सी है?

बाल मिठाई अल्मोड़ा की फेमस मिठाई है। इसे उत्तराखंड की चॉकलेट मिठाई भी कहते हैं।

बाल मिठाई का आविष्कार किसने किया था?

बाल मिठाई का आविष्कार सन 1865 के आसपास अल्मोड़ा के हलवाई जोगा लाल साह द्वारा किया गया था।

बाल मिठाई को इंग्लिश में क्या कहते हैं?

बाल मिठाई को इंग्लिश में Bal Mithai यानी बाल मिठाई ही कहते हैं।

बाल मिठाई कैसे बनाई जाती है?

बाल मिठाई पहाड़ी गाढ़ा और पौष्टिक दूध से बने खोया से बनाया जाता है। जिसे लोहे की कढ़ाई में खूब भुना जाता है। जिससे इसका रंग गहरा भूरा हो जाता है। फिर इसमें आवश्यक मात्रा में चीनी मिलाई जाती है। कुछ देर और भूनने पर चौड़े ट्रे पर ठंडा होने के लिए फैला दिया जाता है। फिर इसमें सफेद शुगर बॉल्स लगाई जाती हैं और बाल मिठाई तैयार।

Vinod Singh Gariya

ई-कुमाऊँ डॉट कॉम के फाउंडर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। इस पोर्टल के माध्यम से वे आपको उत्तराखंड के देव-देवालयों, संस्कृति-सभ्यता, कला, संगीत, विभिन्न पर्यटक स्थल, ज्वलन्त मुद्दों, प्रमुख समाचार आदि से रूबरू कराते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment