गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट खुले, PM के नाम से की गई पहली पूजा।

अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के पवित्र गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं, जिसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का भव्य आगाज़ हो गया है। वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक विधि-विधान और आस्था के बीच हजारों श्रद्धालुओं ने इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनकर दर्शन किए। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami द्वारा प्रधानमंत्री Narendra Modi के नाम से पहली पूजा किए जाने के साथ यात्रा की शुरुआत और भी विशेष बन गई है। विस्तृत में यहाँ पढ़ें -

गंगोत्री यमुनोत्री कपाट खुले

HIGHLIGHTS

  • अक्षय तृतीया पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले
  • पीएम नरेंद्र मोदी के नाम से हुई पहली पूजा
  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने लिया संकल्प, मां गंगा से आशीर्वाद
  • वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुआ शुभारंभ
  • श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा का भरोसा

उत्तराखंड में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पूर्ण विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए हैं। इसी के साथ चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ हो गया है। इन दोनों धामों में पहली पूजा देश के प्रधानमंत्री के नाम से की गई। इसके बाद अब 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम एवं 23 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जायेंगे।

प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की और चारधाम यात्रा के सफल आयोजन तथा देश-प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की मंगल कामना की है।

यहाँ की धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते हुए आज मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से चलकर गंगोत्री धाम पहुंची। जहां विशेष पूजा-अभिषेक के साथ दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए हैं।

गंगोत्री धाम के कपाटोद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मॉं गंगा के मंदिर में शीश नवाया और विशेष पूजा-अर्चना कर देव डोली से आशीष भी प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो चुका है। उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं और इन दिव्य धामों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त करने की इच्छा हर श्रद्धालु के हृदय में रहती है।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यापक और सुदृढ़ व्यवस्थाएँ की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए गए हैं। साथ ही, यात्रा मार्गों पर सुचारु यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखण्ड में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को दिव्य धामों का आशीर्वाद प्राप्त होने के साथ-साथ यात्रा का एक सुखद, सुरक्षित और अविस्मरणीय अनुभव मिले। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के सफल आयोजन हेतु सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहने का आग्रह भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, दायित्वधारी प्रताप पंवार, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, एडीएम मुक्ता मिश्रा, गढ़वाल कोर्डिनेटर किशोर भट्ट, मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मंदिर समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Vinod Singh Gariya

ई-कुमाऊँ डॉट कॉम के फाउंडर और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर हैं। इस पोर्टल के माध्यम से वे आपको उत्तराखंड के देव-देवालयों, संस्कृति-सभ्यता, कला, संगीत, विभिन्न पर्यटक स्थल, ज्वलन्त मुद्दों, प्रमुख समाचार आदि से रूबरू कराते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment