टिहरी में पर्यटन को नई दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 6 से 9 मार्च के मध्य आयोजित होने जा रहे टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 के दौरान जिले के 9 अलग-अलग जगहों पर ट्रैकिंग अभियान संचालित किए जाएंगे। इन अभियानों के माध्यम से प्रतिभागियों को हिमालय की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ यहाँ के ग्रामीण जीवन की सादगी और संस्कृति से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
डैम बनने के बाद टिहरी हाल के वर्षों में वाटर स्पोर्ट्स के बड़े डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाने लगा है। जेट स्की, कयाकिंग और बोटिंग जैसी गतिविधियों ने यहां पर्यटकों की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि की है। लेकिन प्रशासन का मानना है कि टिहरी केवल झील तक सीमित नहीं है। यहां की पहाड़ी ढलानें, घने जंगल और बुग्यालों से होकर गुजरने वाले ट्रैकिंग रूट्स भी रोमांच और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर हैं।
इसी दृष्टि से जिला प्रशासन ने फेस्टिवल के दौरान 9 ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रैकिंग अभियान आयोजित करने की योजना बनाई है। इन ट्रैकिंग मार्गों से गुजरते हुए पर्यटक न केवल प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकेंगे , बल्कि यहाँ के गांवों की पारंपरिक जीवनशैली, स्थानीय भोजन और संस्कृति को भी नजदीक से देख -समझ सकेंगे।
टिहरी की जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल का कहना है – इन ट्रैकिंग अभियानों का उद्देश्य केवल साहसिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। यह पहल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और टिहरी को एक प्रमुख एडवेंचर डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहाँ सभी ट्रैकिंग रूट्स पर प्रशिक्षित गाइड प्रतिभागियों के साथ रहेंगे और सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
फेस्टिवल की एक और महत्वपूर्ण आकर्षण ‘एस्ट्रो नाइट’ होगी , जिसमें साफ आसमान के नीचे तारों का अवलोकन कराया जाएगा। दिन में ट्रैकिंग का रोमांच और रात्रि में तारामंडल का अद्भुत अनुभव प्रतिभागियों को प्रकृति से जुड़ने का अवसर देगा।
टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित Himalayan O₂ – टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 का शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों किया जाना प्रस्तावित है।
चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन टिहरी को केवल वाटर स्पोर्ट्स ही नहीं, बल्कि ट्रैकिंग, ग्रामीण पर्यटन और खगोल अनुभव के संगम के रूप में नई पहचान देने की दिशा में अहम साबित हो सकता है।










