कैलाश मानसरोवर यात्रा का पहला दल रवाना, मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं।
टनकपुर, उत्तराखंड | 5 जुलाई 2025
टनकपुर स्थित पर्यटन आवास गृह से शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा-2025 के पहले दल को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया और उन्हें उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्मृति चिह्न भेंट किए।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए 45 श्रद्धालुओं से जलपान के उपरांत संवाद करते हुए उनका देवभूमि उत्तराखंड में आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कैलाश मानसरोवर की यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मिक और आध्यात्मिक जागरण का अद्भुत मार्ग है। उन्होंने कहा -
"कैलाश पर्वत समस्त तीर्थों में सर्वोत्तम है, इसकी ऊर्जा पूरे ब्रह्मांड में संचार करती है। यह यात्रा समर्पण, श्रद्धा और आस्था का जीवंत अनुभव है।"
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड की पुण्य भूमि भगवान शिव की आराधना का केंद्र रही है और आज यह यात्रा माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहले से कहीं अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यापक रूप में साकार हो रही है।
"जहां पहले यह यात्रा सात दिनों में पूरी होती थी, वहीं अब कुछ ही घंटों में सम्पन्न हो रही है। यह प्रधानमंत्री मोदी जी की दूरदर्शिता और संकल्प का प्रतिफल है," उन्होंने जोड़ा।
मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा मार्ग को सुविधाजनक और सुरक्षित बनाए रखने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, आवास, भोजन, सुरक्षा और सभी आवश्यक सेवाएं प्रत्येक पड़ाव पर मजबूत की गई हैं ताकि किसी श्रद्धालु को कोई असुविधा न हो। साथ ही, उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर प्रथम दल में शामिल 45 यात्रियों ने चम्पावत वासियों के आत्मीय व्यवहार और उत्तराखंड सरकार की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना की। यात्रियों की राज्यवार संख्या इस प्रकार रही:
- उत्तराखंड: 2
- उत्तर प्रदेश: 4
- दिल्ली: 7
- गुजरात: 11
- महाराष्ट्र: 5
- राजस्थान: 6
- मध्यप्रदेश: 3
- तमिलनाडु: 2
- तेलंगाना: 1
- छत्तीसगढ़: 1
- जम्मू एवं कश्मीर: 2
- पश्चिम बंगाल: 1
प्रथम दल में कुल 45 यात्री शामिल हैं, जिनमें 32 पुरुष एवं 13 महिलाएं हैं।
इस दौरान कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, कैलाश मानसरोवर यात्रा के जनसंपर्क अधिकारी संजय गुंजियाल (IPS), कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, चम्पावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार, पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, चम्पावत के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित विभिन्न प्रशासनिक, सैन्य, और स्थानीय प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
इस ऐतिहासिक पल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें भगवान शिव की नगरी की इस दिव्य यात्रा के लिए रवाना किय